बुलन्दशहर : ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेस वे पर जेवर से बुलंदशहर जा रहे एक परिवार को बंधक बना कर लूटा। बदमाशों ने विरोध करने पर परिवार के मुखिया की गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और कार में सवार चार महिलाओं के साथ रेप किया।
थाना जेवर क्षेत्र के साबौता गांव के पास हाइवे पर बुधवार रात हथियारबंद करीब छह बदमाशों ने एक कार को रोक लिया। इस कार में आठ लोग सवार होकर जेवर से बुलंदशहर जा रहे थे। बदमाशों ने पहले लूटपाट की। विरोध करने पर परिवार के मुखिया को गोली मार दी। आरोप है कि बदमाशों ने परिवार की चार महिलाओं के साथ गैंगरेप भी किया। बदमाशों के जाने के बाद परिवार वाले घायल शख्स को अस्पताल ले जाने लगे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लव कुमार के मुताबिक जेवर के रहने वाले शकील कुरैशी का रिश्तेदार जनपद बुलंदशहर में एक अस्पताल में भर्ती था। उसकी तबियत बिगड़ने पर ये लोग कार में सवार होकर अपने रिश्तेदार को देखने के लिए बीती रात करीब दो बजे जेवर से बुलंदशहर के लिए निकले। साबौता गांव के पास आधा दर्जन बदमाशों ने उनकी कार के टायर में गोली मार दी।
कुमार ने बताया कि गाडी रुकते ही बदमाशों ने पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने उनके साथ लूटपाट शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि लुटेरों ने शफीक आजाद दिलावर के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों ने 44 हजार रुपए नकद और महिलाओं के जेवरात लूट लिए । परिवार ने जब लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने शकील कुरैशी को गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार की चार महिलाओं के साथ बदमाशों ने गैंग रेप किया।
इस घटना ने बुलंदशहर राजमार्ग पर हुई लूट और रेप की घटना की याद को ताजा कर दिया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है और महिलाओं का मेडिकल कराया जा रहा है। घटना के चलते लोगों में भारी रोष है तथा उन्होंने आज सुबह पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।